रांची में दीवाली एवं काली पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, डीसी ने पूजा पण्डालों का निरीक्षण किया

0
Ranchi DC

रांची : आगामी दीपावली एवं काली पूजा के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पूजा का आयोजन सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। इसी क्रम में आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर काली पूजा के लिए बनाए जा रहे पूजा पण्डालों एवं तैयारियों का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सुरक्षित एवं सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अल्बर्ट एक्का चौक, कॉसमॉस क्लब, वर्द्धमान कंपाउण्ड, अग्रदूत क्लब प्लाजा चौक, डोरण्डा बाजार काली पूजा समिति, काली मंदिर डोरण्डा, कुसई कॉलोनी काली पूजा समिति, छप्पन सेट एवं एजी कॉलोनी में बनाए जा रहे पूजा पण्डालों का निरीक्षण किया गया। पण्डाल निर्माण, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पण्डाल निर्माण एवं सुरक्षा मानकों का अनुपालन अनिवार्य

निरीक्षण के दौरान सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पण्डाल निर्माण एवं पूजा आयोजन के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। पण्डालों में विद्युत वायरिंग एवं अस्थायी विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था सुरक्षित तरीके से की जाए। बिजली के तारों को खुला अथवा असुरक्षित नहीं छोड़ा जाए तथा शॉर्ट सर्किट एवं आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखे जाएं। पण्डालों में अग्निशमन यंत्र एवं आपातकालीन निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।पण्डालों में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था रखने, अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिये। पण्डाल एवं उसके आसपास पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई तथा पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी ध्यान रखने को कहा गया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पण्डालों में पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में पूजा समितियां स्वयंसेवकों की पर्याप्त संख्या में तैनाती करें तथा भीड़ प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही पण्डाल परिसर एवं आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया।

विसर्जन के दौरान यातायात के संबंध में निर्देश

पूजा समितियों को विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान स्थानीय थाना एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप विसर्जन कार्यक्रम संपन्न करें। निर्धारित मार्ग, समय एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।विसर्जन के दौरान जुलूस में अनुशासन बनाए रखने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप करने तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीत, नारे एवं गतिविधियों से परहेज करने की अपील की।

दीपावली पर अग्नि सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का रखें ध्यान

जिला प्रशासन की ओर से दीपावली के अवसर पर आम नागरिकों से भी सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है। आतिशबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला नहीं छोड़ें। पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं तथा ज्वलनशील पदार्थों, पेट्रोल पंपों, विद्युत प्रतिष्ठानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास आतिशबाजी करने से बचें।

शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील

सभी पूजा समितियों, आयोजनकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अपील दीपावली एवं काली पूजा को आपसी भाईचारे, प्रेम, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा संधारण में प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करें।निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों द्वारा चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here