झारखंड: बजट 2025 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं, लेकिन झारखंड केंद्रित किसी योजना की घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, कई ऐसी योजनाएं हैं, जिससे झारखंड को भी फायदा होगा।सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र और पोषण 2.0 योजना,किसान क्रेडिट कार्ड, स्टार्टअप,सरकारी स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र ब्रॉडबैंड से जुड़ेंगे,सरकारी स्कूलों में अटल टिंकरिंग लैब खुलेंगे,महिला, एससी-एसटी उद्यमियों के लिए 10 हजार करोड़ का फंड जैसी योजनाओं से बजट 2025 से झारखंड के लोगों को भी लाभ मिलने वाला है। झारखंड में 38 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी केंद्र चल रहे हैं। झारखंड के आदिवासी बहुल इलाकों में कुपोषण एक गंभीर समस्या है। राज्य में 3.90 लाख बच्चे ऐसे हैं, जो कुपोषण के शिकार हैं। सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र और पोषण 2.0 योजना का लाभ झारखंड को मिलेगा। झारखंड में बड़ी संख्या में आदिवासी और अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं। केंद्र सरकार 5 लाख महिलाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों के लिए 10 हजार करोड़ का अतिरिक्त फंड देगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2025 में देश के सभी सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों को ब्रॉडबैंड से जोड़ने की घोषणा की है। इस योजना का लाभ झारखंड के कम से कम 35,773 सरकारी स्कूलों को मिलेगा।




