श्रीलंका में बेहद खराब आर्थिक हालात की वजह से सिविल वॉर की स्थिति पैदा हो गई है. सोमवार को विपक्ष के दबाव में प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने इस्तीफा दे दिया. जिसके बाद जगह-जगह हिंसक घटनाएं हो रही हैं. राजपक्षे परिवार के समर्थकों और विरोधियों के बीच सड़कों पर खूनी संघर्ष हो रहा है. सरकार समर्थक-विरोधियों की हिंसा में सांसद समेत अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है.
पुलिस ने राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे और उनके परिवार का साथ दिया है. इसके बाद तो हालात और बदतर हो गए. सेना बुलानी पड़ी. आम लोगों ने सत्ताधारी पार्टी के सांसदों और मंत्रियों के अलावा दूसरे नेताओं पर हमले शुरू कर दिए. एक सांसद ने भीड़ से बचने के लिए कथित तौर पर खुदकुशी कर ली, जबकि दो मंत्रियों के घर आग जला दिए गए.



