लातेहार में पिस्टल की नोक पर फाइनेंस कर्मी से दो लाख की हुई लूट

0

लातेहार के चंदवा-चांपी-लोहरदगा पथ पर बुधवार की रात कुडू व चंदवा थाना के सीमाने पर स्थित महादेव मंडा पुल के समीप एक फाइनेंस कंपनी के कर्मी से दो लाख रुपये की लूट हो गई। उसके साथ अपराधियों ने मारपीट की, इसके बाद उसके पास मौजूद राशि लूट ली। फाइनेंस कर्मी अमानत अंसारी (पिता मो. अकलीम अंसारी, गोराडीह, गढ़वा) का रहने वाला है। अपराधियों की पिटाई और लूट की घटना के बाद फाइनेंसकर्मी घटनास्थल पर ही अचेत पड़ा हुआ था।

वहां से गुजरते यात्रियों ने जब अमानत को सड़क पर अचेत पड़ा देखा तो उसकी सहायता की। उसके द्वारा बताए गए फोन नंबर पर जानकारी देने के बाद सहकर्मियों को घटना की जानकारी मिली। घटना के संबंध में घायल ने बताया कि वह भारत फाइनेंस कंपनी में कार्य करता है। बुधवार की शाम वह लोहरदगा से पैसे कलेक्ट कर वापस चंदवा लौट रहा था। उसकी मानें तो उसके पास लगभग दो लाख रुपये से अधिक की राशि थी। दो-दो पल्सर बाइक पर सवार चार लोग महादेव मंडा के समीप उसके पास पहुंचे।

अपराधियों ने बंदूक दिखाकर बाइक रुकवाया। मारपीट करते हुए फाइनेंस कर्मी से राशि लूट ली। उसका फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। देर रात अमानत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा लाया गया, यहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इधर फाइनेंस कंपनी के कर्मी के साथ लूट की घटना के बाद वहां पहुंचे अन्य लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस अग्रेतर कारवाई में जुट गई है।