कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। उन्होंने अपने बचपन का एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब वह खाना खाते थे, तब उनकी मां उनके पिता की गोद में बैठती थीं।राहुल गांधी के मुताबिक, जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे और वहां ऐसा नहीं देखते थे, तो उनसे पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में बैठकर खाना क्यों नहीं खातीं।राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर भाजपा नेताओं और कांग्रेस समर्थकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी राहुल गांधी के बयान पर तंज कसा है।
तस्वीर शेयर कर भाजपा-RSS पर साधा निशाना
बयान पर सोशल मीडिया में प्रतिक्रियाएं आने के बाद राहुल गांधी ने मंगलवार को भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर साझा करते हुए भाजपा और आरएसएस समर्थकों पर निशाना साधा।उन्होंने लिखा कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।राहुल गांधी ने आगे कहा कि एक सच्चे हिंदू के नाते उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से मुक्त करें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ के शब्दों के साथ किया।




