रांची: हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आदिवासी हवालदार चौहान हेंब्रम की ह*त्या कर फरार कैदी शाहिद अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शाहिद को मंगलवार की रात उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया है। मामले में शमीम अंसारी नामक एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया है, शमीम गिरिडीह का रहने वाला है और उसपर शाहिद को फरार होने में मदद का आरोप है। पुलिस का कहना है कि शाहिद अंसारी और शमीम अंसारी जेल में दोस्त बने थे, शाहिद ने जेल से भागने की योजना 5 महीने पहले बनाई थी। जब शमीम अंसारी को जमानत मिल गयी तो दोनों ने योजना पर काम करना शुरू किया। बता दें कि मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने हवलदार स्व० चौहान हेम्ब्रम के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की थी। साथ ही मुख्यमंत्री ने हवलदार स्व० चौहान हेम्ब्रम के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने , राज्य सरकार की ओर से आश्रित परिजनों को लगभग 1 करोड़ 29 लाख रुपए प्रदान करने की भी घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया था दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा जो कि मंगलवार को शाहिद अंसारी की गिरफ्तारी के बाद पूरा हो गया.




