रांची | मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में राज्य के खिलाड़ियों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया। बैठक में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए पेंशन योजना को नए सिरे से पुनर्गठित करने पर सहमति बनी।नई व्यवस्था के तहत अब खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर ₹5,000 से ₹20,000 तक मासिक पेंशन दी जाएगी।ओलंपिक पदक विजेता और राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों को ₹20,000 प्रतिमाह पेंशन मिलेगी।वहीं वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, सैफ गेम्स और नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अलग-अलग श्रेणियों में पेंशन का लाभ दिया जाएगा।सरकार का मानना है कि यह निर्णय खिलाड़ियों के संघर्ष, अनुशासन और राज्य के लिए किए गए योगदान का सम्मान है। इस पहल से न केवल पूर्व खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला झारखंड में खेल संस्कृति को मजबूत करने और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।




