झारखंड में पिछले 5 दिनों से कोरोना के नए मरीज मिलने की तुलना में ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। एक्सपर्ट ऐसा मान रहे हैं कि झारखंड में पीक आ गया है। पिछले चार दिनों में राज्य में कोविड पॉजिटिविटी रेट में भी 1.76 प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि, पिछले सप्ताह से यदि संक्रमण दर की तुलना की जाए तो यह बढ़ी है। पिछले सप्ताह (3-9 जनवरी) की तुलना में बीते सप्ताह (10-16 जनवरी) में राज्य के 11 जिलों की पॉजिटिविटी रेट में जहां कमी दर्ज की गई है, वहीं 13 जिलों में पॉजिटिविटी रेट में इजाफा हुआ है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी पूर्वी सिंहभूम (5.14% से 9.34%) और हजारीबाग में (7.67% से 10.58%) दर्ज की गई है।
रांची में 2.26% की कमी आई
रांची में जांच अधिक होने की वजह से मरीज तो बढ़े हैं, लेकिन पॉजिटिविटी रेट में 2.26% की कमी आई है। पिछले सप्ताह (3-9 जनवरी) रांची में 8853 मरीज मिले थे, जबकि बीते सप्ताह (10-16 जनवरी) 8937 मरीज मिले हैं।



