
झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी में हुई गैंगवार की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रांची पुलिस ने शूटआउट में शामिल 2 शूटरों समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस को गिरफ्तार आरोपियों के पास से पिस्टल, देशी कट्टा सहित कई कारतूस भी बरामद हुये हैं. दोनों शूटरों का नाम आशु और ज्ञान रंजन बताया जा रहा है. हालांकि रांची पुलिस के द्वारा गिरफ्तारी कीआधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है. लेकिन, विश्वस्त सूत्रों की माने तो पुलिस ने इस गैंगवार की गुत्थी सुलझा ली है. वहीं इन अपराधियों से पूछताछ कर तमाम कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार पुलिस गिरफ्त में आए आशु और ज्ञान रंजन मूल रूप से बिहार के रहने वाले है और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है. जानकारी के अनुसार ये वही दो शूटर है जिन्होंने मोराबादी में गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया था और इनकी तलाश रांची पुलिस घटना के बाद सही कर रही थी.



