रांची: दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर रांची नगर निगम के द्वारा शहर की पूजा समितियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कई विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इस निमित आज दिनांक 04.10.2024 को रांची नगर निगम सभागार में दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में निगम क्षेत्रांतर्गत सभी दुर्गापूजा समितियों के साथ बैठक आहूत की गई, जिसमे रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के सदस्य तथा महानगर दुर्गा पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
इस बैठक में समितियों के प्रतिनिधियों प्रति वर्ष रांची नगर निगम स्तर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए पदाधिकारियों को दुर्गा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिसमे मुख्यतः पंडाल प्रांगण उसके आस-पास तथा संपर्क पथों पर नियमित साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, विसर्जन स्थलों की सफाई और बास-बल्ली से खतरनाक स्थलों को चिन्हित करते हुए घेराव, स्टोन डस्ट की उपलब्धता, फॉगिंग इत्यादि सुचारू रूप से किए जाने पर जोर दिया।
इस मौके पर नगर आयुक्त के द्वारा दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया गया कि दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान उन्हें किसी भी तरह की परेशानियों का सामना ना करना पड़े, इसके लिए निगम की टीम 24 घंटा पूरी मुस्तैदी के साथ काम करेगी। दुर्गा पूजा को लेकर साफ-सफाई निगम की प्राथमिकता है।
नवरात्र के दौरान रांची नगर निगम कनेक्ट सेंटर 24 घंटे सक्रिय रहेगा, जिसकी दूरभाष संख्या 1800-570-1235 या वाट्स एप नंबर – 814-123-1235 पर संपर्क कर आम लोग व पूजा समितियां अपना शिकायत दर्ज करवा सकते है।नगर आयुक्त ने शहरवासियों को दुर्गा पूजा महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान यत्र-तत्र कूड़ा ना फेके, डस्टबिन में ही डाले ताकि निगम की टीम को कचरा एकत्र करने में सुविधा हो और शहर की साफ-सफाई व्यवस्थित रहे।मौके पर अपर प्रशासक श्री संजय कुमार, उप प्रशासक श्री गौतम प्रसाद साहू, सभी सहायक प्रशासक, सभी नगर प्रबंधक, सभी नगर अभियान प्रबंधक एवं निगम के अन्य कर्मी उपस्थित थे।




