आजकल साइबर अपराधियों ने पूरी दुनिया में हडकंप मचा दिया है आए दिन साइबर क्राइम हमें देखने को मिल ही जाता है. ऐसी ही एक और खबर सामने आई है दरअसल सोशल साइट और एडल्ट साइट के जरिये लोगों को जोड़कर ठगी करने वाले गिरोह को कोडरमा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. ये लोग लड़की मुहैया कराने के नाम पर लोगों को पहले फंसाते थे. फिर ब्लैकमेल कर उनसे पैसे की उगाही करते थे. तिलैया पुलिस ने एस्कोर्ट सर्विस संचालित करने वाले गिरोह के 12 सदस्यों को नरेश नगर के एक निजी मकान से गिरफ्तार किया. जिसके बाद सामने आई सच्चाई से पुलिस भी हैरत में पड़ गयी. गिरफ्तार किए गए ज्यादातर आरोपी बरकट्ठा के रहने वाले हैं.
दरअसल ये गिरोह वेबसाइट, मैसेंजर और वाट्सऐप के जरिये लोगों को एडल्ट मेटेरियल के जाल में फंसाते थे. हालांकि इस गिरोह के सभी सदस्य पुरुष हैं, लेकिन ये लोग लड़की बनकर लोगों को जाल में फंसाते थे. इनलोगों का कुछ वैसे लोगों से मेलजोल था, जो ऑनलाइन सर्विस प्रोवाइड कराते थे. इसके बदले इनलोगों को 30 प्रतिशत कमीशन भी मिलता था. लेकिन इनलोगों की ज्यादातर कमाई लोगों को एडल्ट फोटो दिखाकर प्रलोभन देने से होती थी. फोटो दिखाकर पैसे की मांग करते थे, जैसे ही पैसा इनलोगों के खाते में आता था, यह गिरोह सोशल मीडिया और फोन ब्लॉक कर नए कस्टमर की तलाश में जुट जाता था.
सबसे बड़ी बात ये कि जिनके साथ ठगी होती थी, वो बदनामी के डर से पुलिस से शिकायत भी नहीं कर पाते थे. लेकिन आखिरकार पुलिस ने इस गिरोह को धर दबोचा. एसडीपीओ अशोक कुमार ने बताया कि 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. साथ ही लोकल लोगों और इस गिरोह के कनेक्शन की जांच की जा रही है.



