दिग्गज अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक की संदिग्ध कार्डियक अरेस्ट से मृत्यु के कुछ दिनों बाद, पीएम मोदी ने कौशिक के परिवार को संवेदना पत्र भेजा। कौशिक के करीबी दोस्त अनुपम खेर ने शनिवार को पत्र साझा किया और सतीश कौशिक की पत्नी शशि कौशिक की ओर से पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया।ऐक्टर अनुपम खेर ने जानकारी देते हुए ट्वीट किया ”आदरणीय प्रधानमंत्री @narendramodiजी।दुख और शोक की इस घड़ी में आपके संवेदनशील पत्र ने मेरे और हमारे परिवार लिए मरहम का काम किया है! जब देश के प्रधानसेवक किसी प्रियजन के जाने पर ढाढ़स और सांत्वना देते है, तो उस दुख से जूझने की शक्ति मिलती है! मैं, हमारी बेटी वंशिका, हमारे पूरे परिवार और सतीश जी के सभी प्रशंसकों की तरफ़ से मैं आपको धन्यवाद देती हूँ।और प्रभु से आपकी लंबी एवं स्वस्थ आयु की प्रार्थना करती हूँ। सादर! शशि कौशिक।”
पीएम ने पत्र में लिखा
श्रीमती शशि कौशिक जी,श्री सतीश कौशिक जी के निधन के बारे में जानकर अत्यंत दुःख हुआ। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं परिवार व शुभचिंतकों के साथ हैं। बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री सतीश कौशिक जी ने सिनेमा जगत को अपनीअद्भुत रचनात्मकता से समृद्ध किया। एक कुशल लेखक, भावपूर्ण अभिनेता,सफल निर्माता और प्रभावशाली निर्देशक के रूप में सिनेमा के अनेक पहलुओं परउनके द्वारा किए गए कार्य बेमिसाल हैं।अपनी लगन व परिश्रम से एक विशेष पहचान बनाने वाले श्री सतीश कौशिक जी द्वारा निभाए गए विभिन्न किरदार दर्शकों के दिलों में मधुर स्मृति की तरह सदैव बने रहेंगे। बतौर कॉमेडियन उन्हें दर्शकों का भरपूर स्नेह मिला। उनका निधन फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।श्री सतीश कौशिक जी परिवार के लिए एक मजबूत आधार और प्रेरणास्रोत थे। उनके निधन से आपके जीवन में आई रिक्तता की पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। आज वह सशरीर इस संसार में नहीं हैं, पर उनसे जुड़ी स्मृतियां व जीवन-मूल्य परिवार के साथ बने रहेंगे।ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह शोक संतप्त परिजनों और शुभचिंतकों को यह दुःख सहन करने का धैर्य और संबल प्रदान करें।ॐ शांति।



