रांची:गुरु नानक जयंती के अवसर पर 22 नवंबर 2026 को रांची में निकलने वाली गुरु नानक सत्संग शोभायात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था जारी की है। शोभायात्रा के मद्देनजर शहर में कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन और प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक ऑटो को छोड़कर छोटे मालवाहक वाहनों का परिचालन भी बंद रहेगा।इसके अलावा, दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक और रतन पीपी चौक होते हुए सुजाता चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।शोभायात्रा के दौरान पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।वहीं, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेट्रो गली से बिरसा मैदान तक तथा शाम 5 बजे तक सुजाता चौक से गुरुनानक पब्लिक स्कूल पीपी कंपाउंड तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहनों की पार्किंग रामविलास पेट्रोल पंप के बगल स्थित सुरजीत मोटर (पंजाबी गैरेज) और रामविलास पेट्रोल पंप के सामने शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल में करें।साथ ही रांचीवासियों से अपील की गई है कि 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा की समाप्ति तक बिरसा मैदान, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक और सुजाता चौक जैसे मार्गों पर कम से कम आवागमन करें।यातायात पुलिस ने जरूरत के अनुसार अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट या रोकने की बात कही है।




