झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को तमिलनाडु के मंत्री और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन पर उनकी सनातन टिप्पणी को लेकर हमला बोला और कहा कि कोई भी सनातन को नष्ट नहीं कर सकता।जन्माष्टमी के अवसर पर श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा आयोजित एक समारोह में झारखंड के राज्यपाल ने कहा, “कोई भी सनातन के खिलाफ नहीं जा सकता। अगर कोई ऐसा करता है, तो वह नष्ट हो जाएगा। तमिलनाडु में एक बच्चा ऐसा कर रहा है।”उदयनिधि स्टालिन ने 2 सितंबर को सनातन धर्म के ‘उन्मूलन’ की अपील की और इसकी तुलना डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियों से की। उनके बयान ने पूरे देश में विवाद खड़ा कर दिया और कई नेताओं ने उनसे माफी मांगने को कहा।इस बीच, झारखंड के राज्यपाल राधाकृष्णन ने भारत बनाम India मुद्दे पर कहा, “महाभारत की लड़ाई के बाद भगवान कृष्ण ने भारत नाम दिया था। अंग्रेजों ने इसे India बना दिया। अब मोदीजी इसे वापस ला रहे हैं।”यह मुद्दा तब भड़का जब जी20 रात्रिभोज का निमंत्रण ‘इंडिया’ के बजाय ‘भारत’ के राष्ट्रपति के नाम पर भेजा गया।यह बहस तब शुरू हुई जब केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक जी20 डिनर आमंत्रण साझा किया जिसमें द्रौपदी मुर्मू को ‘भारत का राष्ट्रपति’ बताया गया था।



