कथित रंगदारी के मामले में झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद न्यूज 11 भारत के प्रमुख अरूप चटर्जी को फर्जी चिटफंड कंपनी चलाने के मामले में बुधवार को फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.पुलिस ने बुधवार को दोपहर में उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजय कुमार सिंह की अदालत में पेश किया और छह साल पुराने चिटफंड कंपनी मामले में पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की. अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।चटर्जी को धनबाद पुलिस ने सोमवार को रांची के एक अपार्टमेंट से रंगदारी मांगने और ब्लैकमेल करने के आरोप में कोयला कारोबारी राकेश कुमार द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद गिरफ्तार किया था.
उसे मजिस्ट्रेट विशाल राज के सामने पेश किया गया और सोमवार शाम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अरूप चटर्जी की ओर से आज अदालत में पेश हुए वरिष्ठ वकील शाहनवाज ने मीडियाकर्मियों से कहा कि उन्होंने अदालत में जमानत याचिका दायर की है और सुनवाई गुरुवार को होगी।झारखंड उच्च न्यायालय ने मंगलवार को अरूप चटर्जी को जमानत दे दी। उसे बुधवार को धनबाद जेल से रिहा किया जाना था, लेकिन पुलिस ने उसे चिटफंड धोखाधड़ी के छह साल पुराने मामले में गिरफ्तार कर रिमांड के लिए अदालत में पेश किया।
धनबाद निवासी मनोज पंडित ने 2016 में पुटकी पुलिस में केयर ग्रुप ऑफ कंपनी के निदेशक चटर्जी और राकेश सिन्हा के खिलाफ चिटफंड जमा योजना के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.मनोज कंपनी का एजेंट था और उसने कई लोगों से ऊंची ब्याज दर पर पैसे जमा करवाए। लेकिन जब पॉलिसी मैच्योर हुई तो कंपनी ने निवेशकों को पैसा लौटाने से मना कर दिया। जमाकर्ताओं के दबाव से परेशान एजेंट मनोज पंडित ने अरूप चटर्जी के खिलाफ 9 लाख रुपये से अधिक की ठगी का प्राथमिकी दर्ज कराई।धनबाद की भूली बस्ती के रहने वाले अरूप चटर्जी ने राकेश के साथ मिलकर धनबाद में केयर ग्रुप ऑफ कंपनी खोली थी और बैंक मोड़ में ऑफिस खोला था.



