नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित NASC, पूसा में आयोजित ‘राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन–रबी अभियान 2026’ में झारखंड की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान उन्होंने झारखंड की विशिष्ट कृषि परिस्थितियों और किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से रखा।मंत्री ने केंद्र सरकार से किसान आईडी निर्माण में आवश्यक लचीलापन प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि राज्य के अधिक से अधिक किसान योजनाओं से जुड़ सकें। उन्होंने राइस फॉलो क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष पैकेज, दलहन एवं तिलहन की खेती के विस्तार तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) कवरेज बढ़ाने की मांग भी रखी।
कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उनका कहना था कि आधुनिक कृषि उपकरणों तक किसानों की पहुंच बढ़ने से खेती की लागत कम करने और उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।सम्मेलन में रांची के पलांडू स्थित फार्म रिसर्च सेंटर को ‘नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर हॉर्टिकल्चर एंड ट्राइबल फार्मिंग रिसर्च’ के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। प्रस्ताव का उद्देश्य झारखंड की बागवानी, जनजातीय कृषि पद्धतियों और स्थानीय कृषि क्षमता पर केंद्रित अनुसंधान को संस्थागत मजबूती देना है।मंत्री ने झारखंड के किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक एवं टिकाऊ बनाने और राज्य की कृषि क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने को सरकार की प्राथमिकता बताया है।




