दुबई से लौटे क्रुणाल पंड्या से हुई मुंबई एयरपोर्ट पर पूछताछ, अवैध सोना और कीमती सामान लाने का आरोप

0

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) में खेलकर यूएई से भारत लौट रहे क्रिकेटर क्रुणाल पंड्या को डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (DRI) के अधिकारियों ने गुरुवार को मुंबई एयरपोर्ट पर रोक लिया. अघोषित कीमती सामान ले जाने के शक में क्रुणाल पंड्या की जांच की गई. अघोषित सोना और कुछ कीमती सामान होने के शक में क्रुणाल पंड्या को एयरपोर्ट पर रोका गया और उनसे पूछताछ की गई.

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, DRI के अधिकारियों को क्रुणाल पंड्या के बारे में खुफिया सूचना मिला थी. इस आधार पर 29 साल के क्रुणाल पंड्या को मुंबई एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया. क्रुणाल पंड्या के पास से कथित तौर पर हीरे जड़ित दो घड़ियां ऑडेमर्स पिगेट मॉडल और दो रोलेक्स मॉडल थीं. उन्होंने इन घड़ियों के लिए कस्टम ड्यूटी (सीमा-शुल्क) नहीं अदा किया था.
सूत्रों के मुताबिक, इन घड़ियों का कुल मूल्य करीब एक करोड़ रुपए है. सूत्रों ने बताया कि मुंबई इंडियंस की टीम 12 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे चार्टर्ड फ्लाइट से मुंबई एयरपोर्ट पहुंची थी. क्रुणाल पंड्या से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई. क्रुणाल के पास घड़ियां जब्त करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.

सूत्रों ने बताया, इस केस और घड़ियों को मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की यूनिट (सीमा शुल्क इकाई) को सौंप दिया गया है. अगर क्रुणाल घड़ियों को लेना चाहते हैं तो उन्हें कस्टम ड्यूटी और जुर्माना देना होगा. इस मामले में आयातित कीमती घड़ियों पर 38.5 फीसदी कस्टम ड्यूटी लग सकती है. वह सिर्फ 35 हजार रुपये की कस्टम ड्यूटी तक का मुफ्त सामान ला सकते हैं.
दरअसल एक साल से अधिक समय तक विदेश में रहने वाला व्यक्ति 50 हजार रुपए तक का सोना भारत में ड्यूटी फ्री लेकर आ सकता है. वहीं, महिलाओं के लिए ये छूट एक लाख रुपए तक है. महिलाएं एक लाख रुपए तक की कीमत का सोना ड्यूटी फ्री लेकर भारत आ सकती हैं. ड्यूटी फ्री की शर्तें सिर्फ सोने के आभूषणों पर लागू हैं. सोने के सिक्कों और बिस्किट्स पर ड्यूटी देना पड़ता है.

क्रुणाल आईपीएल में पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस के अहम सदस्य हैं और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के बड़े भाई है. यह दोनों भाई टूर्नामेंट में एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हैं. हार्दिक टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चले गए हैं. वहीं क्रुणाल टूर्नामेंट पूरा होने के बाद भारत आ रहे थे.
आईपीएल के 13वें सीजन में क्रुणाल ने कुल 16 मैच खेले और 109 रन बनाने के साथ ही छह विकेट चटकाए. क्रुणाल साल 2016 में मुंबई से जुड़े थे. तब से अभी तक वे इस टीम के लिए 55 मैच में 891 रन बना चुके हैं और 40 विकेट ले चुके हैं.

क्रुणाल बाएं हाथ के बल्लेबाज और गेंदबाज हैं. वे भारतीय टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट भी खेल चुके हैं. उन्होंने टीम इंडिया के लिए 18 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें वे 14 विकेट निकालने के साथ ही 121 रन बनाए हैं. उन्होंने भारतीय टीम के लिए नवंबर 2018 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था.