जमशेदपुर: जमशेदपुर में एक डांडिया कार्यक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री इरफान अंसारी ने झारखंड पुलिस को 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करने को कहा है। दरअसल सोनाली नाम की एक युवती रफीक मोहम्मद उर्फ जुल्फी खान के साथ कार्यक्रम में पहुंची थी। इस दौरान हिंदू संगठन के सदस्यों ने युवती की मां को फोन किया। इस दौरान मां ने अपनी बेटी का समर्थन किया।
मंत्री इरफान अंसारी ने वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले में संज्ञान लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में दादागिरी और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंसारी ने जमशेदपुर के एसपी, डीसी और राज्य के डीजीपी से 24 घंटे के भीतर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने झारखंड को ईद और दिवाली साथ मनाने वाली गंगा-जमुनी तहजीब की धरती बताया।
वहीं, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने वीडियो साझा कर इरफान अंसारी पर पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या त्योहार के आयोजकों के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में हिंदू युवाओं पर कार्रवाई उचित होगी? शाही ने मंत्री से पोस्ट हटाने और आयोजकों से माफी मांगने की मांग की।




