केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आज राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पेश किया। कांग्रेस ने बिल का विरोध किया है।राज्यसभा में कांग्रेस सदस्य नसीर हुसैन ने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) में विपक्षी सदस्यों द्वारा की गई किसी भी सिफारिश को वक्फ़ संशोधन विधेयक में शामिल नहीं किया गया। कांग्रेस के नसीर हुसैन ने राज्यसभा में कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक मुसलमानों के खिलाफ है। वक्फ बिल पर बोले कांग्रेस सांसद नसीर हुसैन ने कहा’400 का नारा देकर 240 में निपट गए इसलिए बिल लाएं’।वहीं केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 धार्मिक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप नहीं करेगा और इसका मकसद वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में सुधार लाना है। यह विधेयक वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में सुधार लाएगा और मुस्लिम समुदाय के गरीब लोगों को लाभ पहुंचाएगा। वक्फ विधेयक से करोड़ों गरीब मुसलमानों को लाभ होगा, वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग को रोका जा सकेगा।वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पर राज्यसभा में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “… हमने इस विधेयक में अपील का अधिकार शामिल किया है। अगर आपको ट्रिब्यूनल में अपना अधिकार नहीं मिलता है, तो आप इस अपील के अधिकार के तहत अदालत में याचिका दायर कर सकते हैं।”मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगियों से वक्फ संशोधन विधेयक 2025 का समर्थन करने की अपील करता हूं।”



