नई दिल्ली/रांची। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान देश के पूर्व क्रिकेट कप्तान एवं तेलंगाना सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान खड़गे ने झारखंड में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि खडगे साहब ने विशेष रूप से कहा कि RIMS-2 एशिया के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल होगा, जिसमें पिछले एक वर्ष से मंत्री इरफान अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उन्होंने कहा कि जुनून और लगन ही सबसे बड़ी ताकत है। साथ ही संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और दलित, आदिवासी, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक समाज के लिए समर्पण भाव से कार्य करने का संदेश दिया।
इरफान अंसारी ने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का आशीर्वाद और विश्वास उनके मनोबल को और मजबूत करता है। मंत्री इरफान अंसारी ने भरोसा दिलाया कि जनता, संगठन और झारखंड के विकास के लिए वह पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।




