दिल्ली पुलिस ने इंजीनियर को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी झारखंड कैडर के आईएफएस अंशुमन राजहंस को सियालदह से गिरफ्तार किया है.आरोपी 2020 बैच का झारखंड कैडर का अधिकारी है. पुलिस के मुताबिक- पीड़िता की शिकायत पर 15 मई को राजेंद्र नगर थाने में रेप का केस दर्ज किया गया था. साल 2017 में अंशुमान राजहंस राजेंद्र नगर में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने करने आया था, वह दिल्ली आईआईटी से बीटेक है. इसी दौरान उसकी मुलाकात ठाणे निवासी युवती से हुई. पीड़िता भी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी. आरोप है कि इसी दौरान अंशुमान ने शादी का झांसा देकर पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाए.2018 में अंशुमान का चयन आईआरटीएस के लिए हुआ था. पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो उसने अच्छी रैंक मिलने पर शादी करने की बात कही. साल 2020 में उसका चयन भारतीय वन सेवा में हो गया. पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसके साथ मंदिर में शादी भी की, लेकिन फोटो नहीं लेने दी. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अंशुमान को झारखंड कैडर मिल गया और वह दिल्ली हमेशा के लिए छोड़कर चला गया.
वन अधिकारी अंशुमन राजहंस की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी होने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम जब रांची पहुंची तो पता चला कि वह जमशेदपुर गया हुआ है। अंशुमन ने अपना फोन बंद कर लिया। फिर उसकी लोकेशन आसनसोल में मिली लेकिन फिर उसने फोन बंद कर लिया। करीब 15 दिन तक सात शहरों में उसकी लोकेशन पाई गई। फिर 30 जून को पुलिस की उसकी लोकेशन कोलकाता के पास सियालदह इलाके में मिली। इसके बाद पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया।



