Ranchi: झारखंड किक बाक्सिंग संगठन के कोच सह सचिव बिपुल मिश्रा पर धनबाद जिले की एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती से अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अभ्यास सत्र में हिस्सा दिलाने के नाम पर यौन शोषण करने का आरोप है l आरोप है कि जब युवती ने इस बात का विरोध किया तो बिपुल मिश्रा ने उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी l पीड़ित परिजनों द्वारा आरोपी की शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कारवाई नहीं हुई है l पुलिस के द्वारा आरोपी को पोक्सो एक्ट की धारा के तहत हिरासत में लेने के बावजूद उसे थाने से छोड़ दिया गया l आरोपी बिपुल मिश्रा के खिलाफ इस प्रकार की शिकायत कई अन्य महिला खिलाड़ी भी कर चुकी हैं l मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का कहना है कि बिपुल के झारखंड सरकार के कुछ प्रभावशाली लोगों के साथ अच्छे संबंध बताए जा रहे हैं, इस वजह से पुलिस कारवाई करने से बच रही है l उन्होंने राज्य की महिला खिलाड़ियों से जुड़े मामले को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए डीजीपी से उक्त विषय पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अविलंब गिरफ्तार करने को कहा है.मरांडी ने कहा ”पुलिस की निष्क्रियता के कारण राज्य की छवि को काफी नुकसान पहुंचा है l इसलिए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी जांच टीम गठित कर उचित कारवाई करें अन्यथा झारखण्ड बीजेपी जोरदार आंदोलन करने को बाध्य होगी”



