चेन्नई: परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में INDIA गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चेन्नई पहुंच गया है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी कर रही हैं। कांग्रेस ने तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य परिसीमन विधेयक को लेकर स्टालिन के रुख पर चर्चा करना और विपक्ष की रणनीति को मजबूत करना है।इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि 850 लोकसभा सीटों का प्रस्ताव बीजेपी को सत्ता में बनाए रखने और युवाओं समेत देश के नागरिकों के अधिकारों को प्रभावित करने की दिशा में तैयार किया गया है।
राहुल गांधी ने रखीं निष्पक्ष परिसीमन की चार मांगें
राहुल गांधी ने निष्पक्ष परिसीमन के लिए चार प्रमुख सुझाव सामने रखे हैं:
- 543 सीटें बरकरार रहें: लोकसभा की सीटों की संख्या 850 करने के बजाय मौजूदा 543 सीटें ही रखी जाएं।
- 2027 की जातिगत जनगणना: परिसीमन 2011 की जनगणना के बजाय 2027 की जातिगत जनगणना के आधार पर किया जाए।
- निष्पक्ष परिसीमन आयोग: ज्ञानेश कुमार के कथित प्रभाव या Nexus के बजाय सर्वदलीय सहमति से एक स्वतंत्र और निष्पक्ष परिसीमन आयोग गठित किया जाए।
- महिला और OBC आरक्षण: 543 सीटों के भीतर OBC सब-कोटा के साथ महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
विपक्ष की एकजुटता पर नजर
परिसीमन के मुद्दे पर INDIA गठबंधन की यह बैठक राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है। विपक्ष का प्रयास है कि परिसीमन की प्रक्रिया में सभी राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय के पहलुओं को प्राथमिकता दी जाए।




