रांची के पाँच आदिवासी युवाओं द्वारा बनाए गए “जेनेसिस विक्ट्री एरीना” नामक इंडोर स्टेडियम का कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज उद्घाटन किया।यह स्टेडियम रांची के हरमू गंगानगर, रोड नंबर 7 में स्थित है।इसे रांची का सबसे बड़ा स्पोर्ट्स एरीना बताया जा रहा है, जिसे स्थानीय आदिवासी युवाओं की एक टीम ने मिलकर तैयार किया है।शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा, तेजी से बढ़ते शहरों के बीच जहाँ खुली ज़मीन और खेल के मैदान सिमटते जा रहे हैं, ऐसे समय में यह पहल सचमुच एक मील का पत्थर साबित होगी। यह न केवल युवाओं की उद्यमशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि समाज को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने वाला सराहनीय प्रयास भी है।मुझे विश्वास है कि इन युवाओं का यह व्यवसाय दिन दुगुनी-रात चौगुनी प्रगति करेगा और साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, खेल संस्कृति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेगा।इस प्रेरणादायक पहल के लिए सभी युवाओं को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ।




