हजारीबाग :वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली में देशभर से चयनित 20 प्रतिभाशाली बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया।झारखंड के हजारीबाग की सब्जी विक्रेता की बेटी अनुष्का कुमारी(14 वर्ष ) ने खेल के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 (Veer Bal Diwas) जीता है। मिट्टी के घर से राष्ट्रपति भवन तक का उनका सफर संघर्षों से भरा रहा। हजारीबाग आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र की होनहार खिलाड़ी अनुष्का मूल रूप से रांची के ओरमांझी की रहने वाली हैं। बीमार पिता के बावजूद अपनी मेहनत और मजबूत इरादों से उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर प्रेरणा की मिसाल पेश की है।अनुष्का दो भाइयों और एक बहन के बीच दूसरे नंबर पर हैं।परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उनकी मां के कंधों पर है, जो खेती-बाड़ी करने के साथ-साथ सब्जी बेचकर किसी तरह परिवार का गुजारा करती हैं।




