हजारीबाग (झारखंड)। हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत जोरदाग गांव में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बताया जा रहा है कि वाहन चलते समय उसके दो टायर अचानक फट गए, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और यह दुर्घटना हो गई।हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में सवार पूर्व मंत्री योगेंद्र साव सहित अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना में सभी को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।




