पोते ने PUBG खेलने के चलते दादा के खाते से उड़ाई ‌5.5 लाख रुपए की रकम

0
पोते ने PUBG खेलने के चलते दादा के खाते से उड़ाई ‌5.5 लाख रुपए की रकम

यह खबर सतर्क करने वाली है। इन दिनों कमिश्नरेट के थानों में कई मामले ऐसे आए हैं कि घर के ही बच्चों ने ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए गंवा दिए। जांच में खुलासा हुआ तो घर वालों में केस वापस ले लिए। इन प्रकरणों में पुलिस का कहना है कि लाखों रुपए की ऑनलाइन ठगी की शिकायत आई और जांच भी की गई। इनमें जब आरोपी घर का ही कोई सदस्य निकला तो शिकायत वापस ले ली गई।

पोते ने ही पबजी गेम खेलने के लिए वॉलेट से पेमेंट किए थे

चित्रकूट थाने में दो महीने पहले एक बुजुर्ग ने खाते से 5.5 लाख रुपए की ठगी का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने बैंक डिटेल्स, अकाउंट की तकनीकी जांच की तो सामने आया कि शिकायकर्ता के ही मोबाइल नंबर से जुड़े पेटीएम से फंड ट्रांसफर हुआ है। हालांकि बुजुर्ग का कहना था कि उसे पेटीएम जैसे वॉलेट इस्तेमाल करना नहीं आता है। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता का पोता पबजी खेलता है। वही दादा के मोबाइल में पेटीएम डाउनलोड करता और पेमेंट के बाद एप को डिलीट कर देता। पोते का नाम आते ही दादा ने अपनी शिकायत वापस ले ली।

रिचार्ज कराने को डिटेल्स डाली, खेल में पोते ने 1.5 लाख गंवाए

मानसरोवर निवासी रिटायर्ड व्यक्ति ने 1.5 लाख रु. की ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। सायबर थाने के एसआई ईमीचंद ने बताया जांच में खुलासा हुआ कि जिस वालेट से पैसे भेजे गए हैं, वह शिकायतकर्ता का पोता ही यूज करता था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कुछ दिन पहले परिवादी ने मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए मोबाइल में बैंक खाते की डिटेल डाली थी। इसके बाद पोते ने गेम्स खेले और ई वॉलेट के जरिये नेक्स्ट लेवल पर जाने के लिए खाते से पैसे कटते रहे। बच्चे के बारे में पता लगने पर परिवादी ने शिकायत वापस ले ली।

कई मामलों में घर के ही कटघरे में

ऑनलाइन ठगी के ऐसे मामले भी आए जिनमें पीड़ित और आरोपी एक ही घर के थे। जांच के बाद परिजनों ने शिकायत वापस ले ली। बच्चों का सोशल मीडिया पर बिहेवियर, लेट आवर्स में गेम, चैटिंग पर ध्यान रखें।

गेमिंग एप में कार्ड की डिटेल्स ना डालें

गेमिंग एप में क्रेडिट/ डेबिट कार्ड या ऑनलाइन बैंकिंग की डिटेल्स ना डालें। मोबाइल में जरूरत के ही एप्स इंस्टॉल करें। गेमिंग एप्स हमेशा प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करें।