रांची : रातू प्रखंड के तिगरा पंचायत क्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी/कार्यशाला 2026 में आज मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर जिला स्तरीय कृषि मेला आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण किसानों को कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सफल और समृद्ध बनाने के लिए हर स्तर पर योजनाओं का संचालन कर रही है। चाहे बात खेती-बाड़ी की हो, मत्स्य पालन की हो, पशुपालन की हो या फिर समिति बनाकर कृषि के क्षेत्र में कार्य करने की—सरकार हर दिशा में किसानों के साथ खड़ी है।शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा किसानों को सब्सिडी पर विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, ताकि किसान आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कदम-कदम पर सहयोग कर रही है।मुख्य अतिथि ने मेले में लगे विभिन्न विभागीय स्टॉलों का भ्रमण किया और उपस्थित किसानों व ग्रामीणों से हर स्टॉल पर जाकर योजनाओं की जानकारी लेने तथा उनका लाभ उठाने की अपील की।




