झारखंड को प्रकृति ने कई खूबसूरत सौगातें दी है। इस राज्य को खनिज -संपदा के लिए तो जाना ही जाता है । इसके अलावा यहां का प्राकृतिक सौंदर्य, मनोरम और मनमोहक वादियां और धार्मिक स्थल भी आकर्षण का केंद्र रहा है। यहां के पर्यटक स्थल और भी खूबसूरत हों। यहां सैलानियों को सभी जरूरी सुविधाएं मिलें । देश- दुनिया के सैलानियों का यह आकर्षण का केंद्र बनें। इसे ध्यान में रखकर सरकार द्वारा सभी पर्यटक स्थलों के विकास के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जा रही है और उसे चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है । मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज पतरातू लेक रिसोर्ट परिसर में नवनिर्मित “पर्यटन विहार” (वीआईपी गेस्ट हाउस) राज्यवासियों को समर्पित करते हुए यह कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से पर्यटन के मानचित्र पर झारखंड को एक अलग पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा यह हम सभी का दायित्व है कि पर्यटन क्षेत्रों को साफ-सुथरा और स्वच्छ रखें। पर्यटन क्षेत्र को स्वच्छ रखने से सैलानियों की संख्या के साथ-साथ इस पर निर्भर रहने वाले लोगों और उनके परिवारों की आजीविका में भी काफी बढ़ोत्तरी होगी।सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर आप अपने आस-पास के पर्यटन क्षेत्रों में स्वरोजगार भी शुरू कर सकते हैं।पतरातू डैम सभी लोगों की संपत्ति है, इसे नुकसान नहीं पहुंचाएं। राज्य के पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों को मूलभूत और जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता हेतु सरकार प्रतिबद्ध, इसके लिए लगातार कड़ियों को जोड़ा जा रहा है.



