रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को खान एवं भूतत्व विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और राज्य में खनन एवं खनिज क्षेत्र के विकास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन एवं खनिज (माइंस एंड मिनरल्स) क्षेत्र से राज्य के राजस्व में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जो एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस प्रगति को और आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने विभाग को खनन क्षेत्र से राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना (प्लान) तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने उन खदानों की पहचान कर उनकी मैपिंग कराने के निर्देश भी दिए, जहां वर्तमान में उत्पादन नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्क्रिय खदानों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट और आगे की कार्ययोजना जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए।समीक्षा बैठक में खनन क्षेत्र के बेहतर प्रबंधन, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, राजस्व वृद्धि तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता लाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं के क्रियान्वयन और राज्यहित में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।




