रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक घर से गहने और नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता वीणा विभा कुमारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 मई को पटना जाने से पहले उन्होंने घर की चाबी अपने मौसेरे देवर हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष को दी थी। 31 मई को लौटने पर अलमारी से गहने और ₹40 हजार नकद गायब मिले।जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा में पता चला कि आरोपियों ने कैमरों से छेड़छाड़ की थी। पुलिस ने खुलासा किया कि हर्ष कुमार सिंह ने अपने दोस्तों और महिला मित्र के साथ मिलकर साजिश रचते हुए घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी की। चोरी के गहने बेचकर एक महिंद्रा XUV500 वाहन भी खरीदा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।पुलिस ने इस मामले में सिद्धांत सुमन, हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष, धनंजय कुमार वर्मा उर्फ धनंजय सोनी (सोनार) और लाईबा याश्मीन उर्फ निधि धान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में सोने, हीरे और प्लैटिनम के आभूषण, दो एप्पल मोबाइल, अन्य मोबाइल फोन, ₹5.40 लाख नकद तथा महिंद्रा XUV500 वाहन बरामद किया गया है।




