मानसून के प्रभाव से पिछले 24 घंटे में उत्तर बिहार एवं उत्तर पूर्वी बिहार में कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो अगले 24 घंटे नेपाल की तराई के इलाकों में भारी बारिश के आसार बने हैं। पुरवा सूबे के उत्तर पूर्वी भाग से प्रवेश कर रही हैं और इन इलाकों में भारी नमी ला रही हैं। इधर बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिस कारण अगले 24 घंटे में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ-साथ बारिश के आसार बने हैं। सूबे के दक्षिणी भाग में हल्की से मध्यम बारिश होगी।इससे पहले मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तैयबपुर और ठाकुरगंज में 150 मिमी, गलगलिया में 120 मिमी, भीमनगर और उत्तरी कटिहार में 110 मिमी, बीरपुर में 90 मिमी और चरघरिया में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई। पटना में भी उमड़ते-घुमड़ते बादलों के बीच दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया और 19.8 मिमी बारिश हुई। देर रात तक उमस के बीच बारिश की स्थिति बनी रही। भागलपुर में भी मूसलाधार बारिश हुई और आंकड़ा 47 मिमी दर्ज किया गया। गया में दस मिमी बारिश हुई। इसके अलावा वैशाली, खगड़िया, समस्तीपुर, जहानाबाद, मुंगेर, मधेपुरा, दरभंगा व अन्य कुछ जिलों में भी बारिश दर्ज की गई।पिछले पांच छह दिनों से भारी गर्मी की वजह से विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद उमस की स्थिति बरक़रार है। पटना में देर शाम आर्द्रता 98 प्रतिशत तक पहुंच गई। मंगलवार को पटना का अधितकम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस जबकि गया का 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर में 34.9 जबकि पूर्णिया में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।ranjana pandey



