रांची सदर अस्पताल में रोशनी खलखो और सी.पी. सिंह ने किया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

0
cp singh

रांची: राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण दिवस के अवसर पर रांची के सदर अस्पताल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड द्वारा आयोजित कार्यक्रम का रांची की महापौर रोशनी खलखो और विधायक सी.पी. सिंह द्वारा शुभारंभ किया गया। इस दौरान नवजात एवं छोटे बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई गई तथा अभिभावकों और आमजन को पल्स पोलियो अभियान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित बचपन ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव है।उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे तथा झारखंड को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।

अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत इस वर्ष झारखंड में लगभग 61 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए राज्यभर में 24,507 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस के रूप में अभियान की शुरुआत की गई है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो बूथों तक नहीं पहुंच सके। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष ट्रांजिट टीमें तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here