पटना। बिहार विधानसभा चुनाव-2020 में सबसे ज्यादा हंगामा रोजगार और नाैकरियों को लेकर बरपा है। एक तरह से यह चुनावी मुद्दों की मुख्य धुरी है। इस मुद्दे ने बिहार चुनाव की दिशा ही बदल दी है। राजद महागठबंधन और भाजपा-जदयू गठबंधन नाैकरियों के चुनावी मैदान पर खेल रहे हैं।
राजद की तरफ से मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी तेजस्वी यादव द्वारा10 लाख सरकारी नाैकरी देने का वादा करते हुए हंगामा मच गया। इसी बीच अब कांग्रेस ने वादा किया है कि महागठबंधन की सरकार बनने पर बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए ‘ओपन रिक्रूटमेंट सिस्टम’ और ‘राइट टू हेल्थ’ लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके तहत लोक सेवा आयोग की बजाए डीजी हेल्थ सर्विसेज अभ्यर्थियों के सर्टिफिकेट-डिग्री की वैधता की जांच कर इंटरव्यू के आधार पर उनको तुरंत नियुक्ति पत्र देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूर्व में हरियाणा में यह सिस्टम ला चुकी है।
एक पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है। इसमें सुधार तब तक नहीं होगा जब तक डॉक्टरों, लैब टेक्निशियनों, रेडियो लॉजिस्ट, नर्सों, गाइनोकोलाजिस्ट,स्पेशलिस्ट और रेगुलर डॉक्टरों की कमी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह राजनीति का विषय नहीं है।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार बनने पर एमबीबीएस, गाइनोकोलाजिस्ट, डेंटिस्ट, हार्ट स्पेशलिस्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए डिग्री दिखाओ, इंटरव्यू दो और नौकरी पाओ सिस्टम लागू किया जाएगा। नर्सेज की कार्यक्षमता की विशेष ढंग से जांच कर उनकी नियुक्ति की जाएगी।
दूसरे चरण में जिन 94 सीटों पर चुनाव होना है उनमें कांग्रेस के खाते में 24 सीटें गई हैं। इनमें पिछले चुनाव में इसकी जीती हुई सीटों की संख्या सात है। खास बात यह है कि इस चरण की जो सीटें कांग्रेस को मिली हैं उनमें मात्र आठ पर ही गत चुनाव में वह लड़ी थी। शेष सीटें पार्टी के लिए नई हैं। इन सीटों पर भी जीत दर्त करना चुनौती है।
रोसड़ा से चुनाव जीते पार्टी के बड़े नेता डॉ. अशोक कुमार इस बार कुशेश्वर स्थान से किस्मत आजमा रहे हैं। मांझी से चुनाव जीते पूर्व मंत्री विजय शंकर दुबे को पार्टी ने महाराजगंज से उतारा है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बेगूसराय से चुनाव मैदान में हैं। पार्टी के बड़े नेताओं में शुमार कृपानाथ पाठक को भी इसी चरण में अपनी किस्मत आजमानी है। वह फूलपरास से उम्मीदवार हैं। ranjana



