Ranchi: साल 2016 में जिलावार शिक्षक बहाली हुई थी । कोडरमा में महिला आरक्षण व अंकों में हेरफेर कर नियुक्ति में गड़बड़ी की बात सामने आयी थी। मामले में कोडरमा के तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी व उनके कार्यालय के दो कर्मियों के विरुद्ध एसीबी द्वारा पीई दर्ज की गई है।पीई दर्ज कर शिक्षक बहाली घोटाले में अनियमितता की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद एसीबी द्वारा अपनी रिपोर्ट विभाग को दी जाएगी। 23 सितंबर को राज्य सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय व निगरानी विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आईआर में आरोप सत्य पाए जाने के बाद पीई का निर्देश दिया था। पीई में आरोपी के रूप में कोडरमा के तत्कालीन डीईओ पूरेंद्र विक्रम शाही, प्रधान सहायक अजित कुमार, सहायक धर्मेंद्र कुमार शाही का नाम है। मालूम हो कि तत्कालीन डीसी ने अपनी प्रारंभिक जांच में भी डीईओ पूरेंद्र विक्रम शाही, प्रधान सहायक अजित कुमार और सहायक धर्मेंद्र शाही को दोषी माना था। जिसके बाद डीईओ को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया था। एसीबी ने इस मामले में 2019 में आईआर दायर किया था। आईआर की चार साल की जांच के बाद इस केस में पीई दर्ज किया गया है।



