एसएस प्लस टू हाई स्कूल के सभाकक्ष में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिला पुलिस उपकरण बैंक के माध्यम से मेधावी एवं असहाय छात्र छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए मोबाइल दिया गया। नए एवं ब्रांडेड इक्यावन स्मार्टफोन का वितरण समारोह में किया गया। उपायुक्त सुशांत गौरव ने बच्चों को प्राप्त स्मार्टफोन को एक उपयोगी हथियार के रूप में प्रयोग में लाने का सुझाव देते हुए भविष्य में कुछ कर दिखाने की बात कही।
सिमडेगा जिला के पुलिस कर्मियों का सामुदायिक पुलिसिंग में विशेष योगदान की सराहना की। एसपी डॉ शम्स तबरेज ने 51 छात्र-छात्राओं को अपनी सारी बाधाओं एवं कठिनाइयों के बावजूद अनुशासन एवं शिष्टाचार को अपनाते हुए माता-पिता तथा शिक्षकों का पूर्ण सम्मान करने, भविष्य में एक अच्छे इन्सान एवं नागरिक बनकर दिखाने तथा अपराध, उग्रवाद से अपने और अपने परिवार को दूर रखने का विशेष संदेश दिया। सिमडेगा जिला पुलिस की इस अनोखी पहल में आम-जनों के सहयोग की प्रशंसा की।
अब तक 221 छात्र-छात्राओं को 220 स्मार्टफोन और एक लैपटॉप दिया गया
इस महत्त्वपूर्ण मुहिम में सभी थाना, ओपी प्रभारियों की सहभागिता की भी सराहना की। इस मौके पर सिमडेगा जिला में विशेष रूप से 10वीं और 12वीं कक्षा के 221 छात्र, छात्राओं को अब तक 220 स्मार्टफोन तथा 1 लैपटॉप वितरित किए जा चुके हैं। कोविड-19 महामारी संबंधी पाबंदियों के कारण अधिकतर आवश्यक सेवाएं ऑनलाइन हो चुकी हैं। इनमें शैक्षणिक सेवाएं अहम हैं। जिनमें अधिकांश कक्षाएं एवं परीक्षाएं डिजीटल एवं ऑनलाइन हो रही हैं। ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंचने के लिए एक तरह स्मार्टफोन, लैपटॉप, डेस्कटॉप कम्प्यूटर और दूसरी तरह ब्रॉडबैंड अथवा मोबाइल डाटा नेटवर्क,दोनों की उपलब्धता आवश्यक है। समारोह में 51 छात्र-छात्राओं स्मार्टफोन दिया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी महेन्द्र कुमार मौजूद थे। सार्जेंट रविशंकर सिंह ने मधुर गीतों तथा शिक्षक विष्णु प्रसाद ने कौमी एकता पर कविता से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में अमोद रंजन, प्रभारी प्रधानाध्यापक, केशलपुर उच्च विद्यालय, (पाकरटांड़), अभिभावक कुन्ती देवी एवं छात्रा सुम्बुल प्रेमिका तिग्गा ने भी विचार व्यक्त किए।



