झारखण्ड गुमला में टांगी से काटकर युवक की हत्या, बदले की आग में मृतक के पिता ने आरोपी को भी मार डाला
गुमला जिले के चैनपुर क्षेत्र के कुरुमगड़ थाना क्षेत्र के रोघाडीह गांव में मामूली विवाद को लेकर दो लोगों की तेज धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई है। वहीं एक अन्य लालमोहन को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। घटना शनिवार की है। रायडीह थाना के लालमटिया निवासी मना मुंडा (32) व रोधाडीह निवासी रामप्रसाद लोहरा (30) की हत्या तेज हथियार से काटकर की गई। रोधाडीह निवासी लालमोहन मुंडा (40) गंभीर रूप से घायल है। हत्या के आरोप में कुरुमगड़ पुलिस ने रूदन लोहरा व लालमोहन मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है।
घायल लालमोहन मुंडा ने बताया कि शनिवार को उसके घर में सरहुल पर्व को लेकर खानपान चल रहा था। इसी बीच मामूली से विवाद को लेकर मना मुंडा और रामप्रसाद लोहरा के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद मना मुंडा ने गुस्से में आकर रामप्रसाद लोहरा की टांगी से काट कर हत्या कर दी। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद मना मुंडा फरार हो गया। इधर इस घटना की जानकारी रामप्रसाद लोहरा के परिजनों को हुई। इसके उपरांत रामप्रसाद लोहरा के पिता रूदन लोहरा अपने तीन चार सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
यहां अपने पुत्र रामप्रसाद लोहरा के शव को देख आक्रोशित हो उठे और मना मुंडा को खोजने लगे। शनिवार की देर रात मनामुंडा को पकड़ लिया। इसके उपरांत रस्सी से बांधकर उसे लालमोहन मुंडा के घर घटनास्थल पर ले जाया गया। यहां हत्या में प्रयुक्त टांगी से ही रुदन लोहरा ने मना मुंडा के माथे व कमर में वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके उपरांत लालमोहन मुंडा को भी रूदन लोहरा ने लाठी डंडा से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इधर रामप्रसाद लोहरा की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने मना मुंडा की हीरो होंडा मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। रविवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी सीरिल मंराडी, इंस्पेक्टर अनूप बी. पी.केरकट्टा, कुरुमगड़ थाना प्रभारी रुपेश कुमार, सब इंस्पेक्टर मोहम्मद मोबिन कड़ी सुरक्षा के बीच रोघाडीह गांव पहुंचे। यहां पूछताछ के बाद शव को अपने कब्जे में लिया। वहीं घटना में शामिल दो लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी बरामद कर लिया गया है।‘नशे की हालत में हत्या को अंजाम दिया गया है। मना मुंडा ने पहले रामप्रसाद लोहरा की हत्या की। इसके बाद रामप्रसाद लोहरा के पिता रुदन लोहरा ने अपने साथियों के साथ मना मुंडा की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।



