हाईटेंशन तार की चपेट में आने से व्यस्क हाथी की हुई मौत

0

रांची : बेड़ो थाना व वन क्षेत्र के पुरना पानी नगड़ी टोली गांव के तरिया नामक जगह पर हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक व्यस्क हाथी की मौत हो गई। घटना बुधवार की देर रात का है। गुरुवार की सुबह जब लोग इस ओर आए तो उन्हें हाथी का शव दिखा। लोगों ने बताया कि वन क्षेत्र के गांव के पास हाथी के आने-जाने का कॉरिडोर है। इसी रास्ते में हाई टेंशन बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा है। इस दौरान हाथी का सिर तार के संपर्क में आ गया और उसकी मौत हो गई। अगर समय रहते इस तार को ऊपर उठा दिया जाता तो हाथी की जान बच सकती थी। वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि वन विभाग और बिजली विभाग की घोर लापरवाही के कारण यह घटना घटी है। वन क्षेत्र के गांव के पास हाथी के आने-जाने का कॉरिडोर है। हमेशा उसी रास्ते से हाथियों का झुंड आना-जाना करता है। इसके बावजूद न वन विभाग की टीम को नीचे झूल रहे बिजली की तार की फिक्र की और ना ही बिजली विभाग ने। इसके परिणामस्वरूप एक विशालकाय हाथी उसकी चपेट में आ गया इधर, घटना के बाद गांव की महिलाओं ने हाथी को सिंदूर, तेल लगाकर और धूप-अगरबत्ती जला पूजा भी की। सुबह में जैसे ही ग्रामीणों को हाथी की मौत की सूचना मिली, पूरा गांव घटनास्थल पर उमड़ पड़ा। लोगों ने मृत हाथी के समक्ष धूप-अगरबत्ती जलाकर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। क्योंकि ग्रामीणों की मान्यता है कि हाथी की मौत होने के बाद उसके साथी और भी उग्र हो जाते हैं और वो गांव के लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। घटना की सूचना के बाद स्थानीय थाना, वन विभाग की टीम भी पहुंची। साथ में बिजली विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लेने में जुटी हुई है।