उत्तराखंड के हरिद्वार में होने वाले महाकुंभ-2021 में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है. इस बड़े खतरे को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने उत्तराखंड सरकार को आगाह किया है. केंद्र सरकार में स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने उत्तराखंड के चीफ सेक्रेटरी को आज चिट्ठी लिखकर सचेत किया कि हरिद्वार कुंभ में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है.
कुंभ मेले को देखते हुए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड की बीजेपी सरकार को कई सलाह दी है. केंद्र की तरफ से भेजी गई चिट्ठी में कहा गया है कि कुंभ मेले के दौरान उच्च स्तरीय सेंट्रल टीम के सुझाए गए उपायों को अमल में लाना सुनिश्चित करें. 12 राज्यों से पिछले कुछ वक्त में कोरोना के कई ज्यादा मामले आए हैं. कुंभ में कोरोना प्रभावित राज्यों से भी श्रद्धालु आ सकते हैं. सेंट्रल टीम के मुताबिक रोजाना 10-20 श्रद्धालु और 10-20 आम लोग वहां पॉजिटिव हो रहे हैं.



