रांची। संत जेवियर कॉलेज, रांची के सभागार में आयोजित Council of Catholic Women of India के 26वें राष्ट्रीय सम्मेलन 2026 के समापन समारोह में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से सम्मेलन में पहुंचीं महिलाओं को संबोधित किया और समाज सेवा में उनके योगदान की सराहना की।मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि समाज सेवा, मानवता और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में महिलाएं लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील और समर्पित महिलाओं की भागीदारी से सामाजिक बदलाव को मजबूती मिलती है और इसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।अपने संबोधन में उन्होंने संविधान को देश का सर्वोच्च लोकतांत्रिक दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह समानता, न्याय, स्वतंत्रता और धर्मनिरपेक्षता जैसे मूल्यों के साथ प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि इन्हीं संवैधानिक मूल्यों से देश की विविधता, एकता और सामाजिक ताने-बाने को मजबूती मिलती है।मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में विभाजन और आपसी दूरी पैदा करने वाली परिस्थितियों के बीच सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संविधान के मूल्यों, समानता और सामाजिक समरसता के पक्ष में आवाज उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
झारखंड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल राज्य में समाज सेवा का दायरा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि जब समाज की संवेदनशील और समर्पित महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभाती हैं, तो बदलाव केवल दिखाई नहीं देता, बल्कि उसका प्रभाव समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन तक पहुंचता है। सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक सेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।




