झारखंड: जमशेदपुर के एमजीएम (महात्मा गांधी मेमोरियल) अस्पताल में ब्रेन (सेरेब्रल) मलेरिया का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है, जहां वर्तमान में 20 से अधिक मरीज भर्ती हैं और पूर्वी सिंहभूम जिले के अलग-अलग प्रखंडों के 15 बच्चे शामिल हैं। भर्ती बच्चों में से पांच की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) और नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में किया जा रहा है।मानसून की शुरुआत के साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिले का पोटका प्रखंड इस बीमारी से सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्थिति इतनी गंभीर है कि पिछले 48 घंटों के भीतर इस क्षेत्र में तीन मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है।जिन बच्चों की मौत हुई है, उनमें पीएमश्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की सातवीं कक्षा की छात्रा लख्खी सरदार, दौड़दोड़िया गांव का आठ वर्षीय राहुल सरदार और कंदर गांव की आठ वर्षीय सुबोला सरदार शामिल हैं. इसके अलावा, मृतका सुबोला सरदार की एक वर्षीय बहन खुशबू सरदार भी इस गंभीर संक्रमण की चपेट में है, जिसे नाजुक हालत में एमजीएम अस्पताल के पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है.संक्रमण के इस भयावह रूप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पोटका के नौ गांवों में विशेष निगरानी, बड़े पैमाने पर स्क्रीनिंग और चिकित्सा अभियान तेज कर दिया है.


