लोहरदगा जिला मुख्यालय में आज झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2025 समारोह सह विकास मेला में बतौर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं. मंत्री ने कहा आज का दिन भगवान बिरसा मुंडा जी को याद करने , उन्हें नमन करने के साथ अलग झारखंड राज्य के गठन का जश्न मनाने का है . राज्य स्थापना दिवस मौके पर लोहरदगा जिला को करीब 122 करोड़ रुपए की सौगात मिली है . ये योजनाएं लोहरदगा जिले के विकास में मिल का पत्थर साबित होंगी . लंबे संघर्ष , त्याग और बलिदान के बाद अलग राज्य गठन का सपना साकार हुआ .
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा, आदिवासी महासभा के संस्थापक जयपाल सिंह मुंडा ने सबसे पहले अलग राज्य गठन का आह्वान किया था . आगे चल कर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की अध्यक्षता में ” झारखंड मैटर्स कमिटी ” का गठन हुआ . इसी कमिटी ने अलग राज्य निर्माण को लेकर रिपोर्ट तैयार किया था . जिसमें झारखंड को जाति, भाषा और धर्म पर आधारित राज्य के बजाय अलग संस्कृति वाले राज्य के तौर पर दर्शाया गया . पुरखों ने इस राज्य को लड़कर जब लेने में सफलता पाई . तब विरोधियों ने कहा राज्य तो ले लिया , पर चलाएंगे कैसे . आज हमने साबित कर दिया कि हम लड़कर राज्य भी ले सकते है और इसे चला भी सकते है.
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा,राज्य में महागठबंधन सरकार ने अपने लोगों के लिए तिजोरी खोल दिया है . बात किसानों को 2 लाख रुपए तक ऋण माफी की हो , बेटियों को सावित्री बाई फुले योजना देने की हो , महिलाओं को मईयां सम्मान योजना देने की हो या नेतरहाट फायरिंग रेंज के बंद करने से लेकर सारंडा में आदिवासी समाज के अधिकार की . राज्य सरकार का जनता के प्रति समर्पण दिखता है . आज जरूरत सिर्फ उस ईमानदार पहल करने की है जो इस राज्य को सोना झारखंड बनाने में अपनी भूमिका अदा करें . झारखंड के राजनेता , अधिकारी , जन प्रतिनिधि से लेकर राज्य की अमन पसंद नागरिक को ” सोना झारखंड ” गढ़ने में अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करना होगा .




