रांची, 22 जुलाई:आज रांची के प्रोजेक्ट भवन में झारखण्ड के पहले ‘फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट’ की स्थापना के लिए झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट(SRFTI), Kolkata के बीच MoU हस्ताक्षरित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) का शुभारंभ करते हुए इसे राज्य के युवाओं के लिए एक नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान झारखंड के प्रतिभाशाली युवाओं को फिल्म, मीडिया और क्रिएटिव इंडस्ट्री में विश्वस्तरीय तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत युवाओं को आधुनिक फिल्म निर्माण और डिजिटल मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में साउंड डिजाइनिंग, फिल्म एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों के पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। यह पहल पारंपरिक सिनेमा के साथ-साथ OTT और डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री में भी झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर तैयार करेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके झारखंड के फिल्म निर्देशकों और कलाकारों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने की है। JFTI इसी उद्देश्य को पूरा करेगा और युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर देगा।हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोककला और रचनात्मक प्रतिभा राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा की प्रसिद्ध उक्ति “जे नाची से बाची” का उल्लेख करते हुए कहा कि इस राज्य के आम लोगों के अंदर कोई न कोई कलाकार छुपा हुआ है। कई कारणों से शायद वह छुपा कलाकार बाहर नहीं आ पाता। आज इस संस्था और सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट के सहयोग से उन कलाकारों को ढूंढा जाएगा, बाहर निकाला जाएगा और तराशा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के सहयोग से स्थापित यह संस्थान झारखंड के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा और राज्य को देश-विदेश के फिल्म एवं मीडिया जगत में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस अवसर पर सभी कलाकारों, विद्यार्थियों और राज्यवासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।


