मुंबई: WhatsApp ने यूजर्स की शिकायतों और नियमों के आधार पर मार्च 2023 में भारत में 47 लाख से ज्यादा अकाउंट्स पर बैन लगा दिया है. कंपनी के मुताबिक, 1 मार्च से 31 मार्च 2023 के बीच वॉट्सऐप ने 47 लाख 15 हजार 906 भारतीय यूजर्स के अकाउंट बैन किए हैं। भारतीय कानून या व्हाट्सएप नियमों के उल्लंघन के कारण इन खातों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
फरवरी में 46 लाख यूजर्स बैन हुए
इससे पहले फरवरी में वॉट्सऐप ने 46 लाख भारतीय यूजर्स को बैन किया था। इससे पहले जनवरी में 29 लाख, दिसंबर में 36 लाख और नवंबर में 37 लाख खाते बंद किए गए थे। आईटी रूल्स 2021 के मुताबिक, 50 लाख से ज्यादा यूजर्स वाले किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को हर महीने एक सिक्योरिटी रिपोर्ट पब्लिश करनी होती है, जिसमें कंपनी द्वारा की गई शिकायतों और कार्रवाई का ब्यौरा होता है।
अकाउंट पर प्रतिबंध क्यों?
कंपनी के मुताबिक, अगर कोई अपने व्हाट्सएप अकाउंट पर अवैध, अश्लील, मानहानिकारक, धमकी देने वाला या परेशान करने वाला, नफरत फैलाने वाला या भड़काऊ कंटेंट शेयर करता है तो उसका अकाउंट बैन कर दिया जाएगा। साथ ही अगर कोई यूजर कंपनी के नियमों और शर्तों का उल्लंघन करता है तो उसके अकाउंट को बैन भी किया जा सकता है।
चार फोन पर व्हाट्सएप
WhatsApp ने पिछले हफ्ते की शुरुआत में एक बड़ा बदलाव किया है। अब आप एक ही समय में चार फोन में एक अकाउंट का इस्तेमाल (लॉग-इन) कर सकेंगे। साथ ही WhatsApp Web की मदद से आप एक ही अकाउंट को फोन और पीसी (डेस्कटॉप) दोनों में इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन अब यह फीचर फोन के लिए भी उपलब्ध होगा।कंपनी के मुताबिक WhatsApp का यह फीचर कुछ हफ्तों में सभी यूजर्स तक पहुंच जाएगा। कुछ दिनों पहले इस फीचर को व्हाट्सएप बीटा यूजर्स के लिए जारी किया गया था। व्हाट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने इस नए फीचर की जानकारी दी है।



