रांची : झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण हुई बेमौसम बारिश से कई जिलों में किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खासकर धान की कटाई के समय बारिश होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं।मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी संबंधित जिलों के उपायुक्तों को तत्काल फसल नुकसान का आकलन करने और विस्तृत रिपोर्ट विभाग को भेजने का निर्देश दिया है।मंत्री ने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।डॉ. इरफान अंसारी ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि तूफान कितना भी बड़ा हो या संकट कितना भी गंभीर, सरकार हर परिस्थिति में किसानों और आम जनता के साथ खड़ी है। किसानों को किसी भी हाल में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के सुख-दुख और हर मुश्किल घड़ी में सरकार उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी रहेगी।




