हजारीबाग : झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हजारीबाग परिसदन (सर्किट हाउस) के सभागार में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली और राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखे हमले किए। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता की स्थिति पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हाथ में संविधान लेकर तो चलते हैं, लेकिन स्वयं संविधान की मर्यादाओं का पालन नहीं करते। हालिया MLC चुनाव के नतीजों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि जनता देश भर में उनके द्वारा मचाए जा रहे उत्पात को पसंद नहीं कर रही है, जिसका परिणाम चुनावी नतीजों में दिख रहा है।उन्होंने राज्य की सोरेन सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार झारखंड में पंचायत चुनाव कराने को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है।इसके अतिरिक्त उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और एमएमडीआर (MMDR) नियमों से जुड़े पत्रकारों के सवालों के भी जवाब दिए।इस अवसर पर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, विधायक प्रदीप प्रसाद, पूर्व विधायक लोकनाथ महतो और शेफाली गुप्ता समेत भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




