पिता ने दोनों को एक साथ देखा, फिर गला दबाकर लड़के को मार डाला

0

प्रेमिका से मिलने गया था छात्र:लड़की के पिता ने दोनों को एक साथ देखा, फिर गला दबाकर लड़के को मार डाला था

पलामू के हरिहरगंज में 10 फरवरी को मिली थी 17 साल के सोनू रजक की लाश

लड़की के पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आरोपी ने कबूल किया अपना जुर्म

पलामू पुलिस ने शनिवार को सोनू रजक हत्याकांड का खुलासा कर दिया। सोनू की हत्या उसकी प्रेमिका के पिता ने की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोनू प्रेमिका से मिलने गया था और इसी दौरान आरोपी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। सोनू की लाश 10 फरवरी की सुबह हरिहरगंज थाना क्षेत्र में सुल्तानी नहर के किनारे से बरामद की गई थी।

छतरपुर SDPO शम्भू सिंह ने बताया कि सोनू का प्रेम-प्रसंग हरिहरगंज के परसाचुआ निवासी लड़की के साथ था। 9 फरवरी की रात सोनू घर से निकल कर लड़की के घर तरफ गया। थोड़ी देर बाद प्रेमी-प्रेमिका साथ थे। इसी दौरान लड़की के पिता ने दोनों को एक साथ देख लिया। आवेश में आकर उसने प्रेमी सोनू की गला दबाकर हत्या कर दी।

गले पर मिले थे खरोंच के निशान
पुलिस ने बताया कि सोनू का शव उसके मामा सुदामा बैठा के घर से करीब 300 मीटर दूर मिला था। उसके गले पर खरोंच का निशान मिला था। परिजन ने उसकी हत्या की आशंका जताई थी। 17 साल का सोनू कुमार रजक नावाबाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर, सिल्दा निवासी बबन रजक का बेटा था। वह पिछले तीन माह से अपने मामा के घर रह कर पढ़ाई करने के साथ मामा की दुकान चलाने में सहयोग भी करता था।

9 फरवरी की रात निकला था सोनू
सोनू के मामा सुदामा बैठा ने बताया था कि 9 फरवरी को भांजा रात 9 बजे तक पढ़ाई कर रहा था। इसके बाद वह शौच के लिए घर से निकला था। लेकिन वह वापस नहीं लौटा। जब काफी देर तक नहीं आया तो रात में ही उसकी खोजबीन की गई। उसका कुछ पता नहीं चला। 10 फरवरी की सुबह करीब 6 बजे सोनू का शव सुल्तानी नहर के किनारे पड़ा मिला था। सुबह में नहर किनारे शौच के लिए गए लोगों ने शव देखा। पुलिस को घटना की सूचना दी गई।