रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित स्मार्ट सिटी आवास पहुंचकर राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।पोस्टमार्टम के बाद मंत्री दीपिका पांडे सिंह की दिवंगत बेटी तृषा का पार्थिव शरीर रांची लाया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में ही शोकाकुल मंत्री और उनके परिवार से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।सीएम हेमंत सोरेन ने तस्वीरें शेयर करते हुए एक्स पर लिखा,”आज शब्द नहीं हैं मेरे पास। दीपिका जी, रत्नेश जी और परिवार ने हंसती खेलती मासूम ज़िन्दगी को खोया है।मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह असहनीय पीड़ा सहन करने की शक्ति दे।अंतिम जोहार तृषा…”
बता दें कि, जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दोमुहानी मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के सुबह करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच एक भीषण कार दुर्घटना में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह की 18 वर्षीय छोटी बेटी तृषा (युविका) सिंह समेत चार स्कूली छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।इस हादसे में मंत्री की बेटी तृषा सिंह के अलावा कार में सवार उनके तीन अन्य दोस्तों की भी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कार्मेल जूनियर कॉलेज के कक्षा 12वीं के छात्रों के रूप में हुई है, जिनमें सार्थक अग्रवाल (18), नमन गुप्ता (17) और वंशिका खंडेलवाल (17) शामिल थे।




