गिरिडीह : ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के अंतर्गत, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत गिरिडीह नगर क्षेत्र के पचम्बा और गांडेय विधानसभा क्षेत्रों के गिरिडीह प्रखंड के करहरबारी पंचायत में आयोजित शिविर का उद्घाटन उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया साथ ही शिविर में आए लोगों से मिले एवं उनके अनुभवों को सुना। गांवों को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं बनाई जा रही है। गांवों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी वजह से ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले गरीबों, जरूरतमंदों, आदिवासियों, अनुसूचित जाति, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों , महिलाओं, बुजुर्गों और नौजवानों समेत समाज के सभी वर्ग और तबके को केंद्र में रखकर पूरे कार्य योजना के साथ कल्याणकारी योजनाएं बनाकर उसे धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है। ये योजनाएं ग्रामीणों की दशा और दिशा को तय करेंगी. उपयुक्त बातें मंत्री, सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह प्रखंड अंतर्गत करहरबारी पंचायत स्तरीय “आपके अधिकार-आपकी सरकार-आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत परिसंपत्ति वितरण शिविर में कहीं। आगे उन्होंने कहा कि यहां के लोगों को मान सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीविकोपार्जन का अवसर देने का काम सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किया जा रहा है,जिसके बदौलत राज्य में विकास को गति मिलेगी।




