देवघर: राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के चौथे दिन प्रातः 04:10 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया। शिवभक्तों की गूंज से रूट लाईन गुंजायमान है और सभी कांवरिया कतारबद्ध हो बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने अहले सुबह बाबा मंदिर तथा आसपास के विभिन्न रूटों, पुलिस ओपी और प्रशासनिक शिविरों का निरीक्षण किया, ताकि बाबा नगरी आने वाले कांवरियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आध्यात्मिक वातावरण मिल सके।
डीसी ने श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम, उप स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस ओपी, सूचना सह सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह और अमानत घर के अधिकारियों व कर्मियों को 24*7 एक्टिव रहने का निर्देश दिया।साथ ही ‘सेवा भाव’ से श्रद्धालुओं की सहायता करने का कड़ा निर्देश दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे एक सुखद संदेश लेकर लौटें।




